Indian Railways Monsoon Preparations: मानसून के सक्रिय होते ही भारतीय रेलवे ने बारिश के दौरान ट्रेन संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर मेंटेनेंस कार्य शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत पुलियों, नालों और ड्रेनों की सफाई, पटरियों के किनारों से गंदगी और कचरा हटाने, उच्च क्षमता वाले पंपों की स्थापना और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
रेलवे ने बाढ़ संभावित अंडरपासों की सुरक्षा की भी गहन जांच की है और जरूरी सामग्री जैसे बोल्डर्स और क्वेरी डस्ट को पूर्वनिर्धारित स्थानों पर स्टोर किया गया है। सोनपुर मंडल के सभी संवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली गई है, और ट्रैक व ट्रेन परिचालन की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बरौनी-कटिहार रेलखंड में नियमित गश्ती (पेट्रोलिंग) की जा रही है, जिसमें रात के समय विशेष निगरानी भी शामिल है। सभी जलनिकासी व्यवस्था की सफाई तेज़ी से की जा रही है।
सुरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन
इसके अलावा मंडल के सभी सेक्शनल एसएसई और पीडब्ल्यू कार्यालयों में सुरक्षा संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें व्यक्तिगत सुरक्षा, ट्रैक की निगरानी और मानसून के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर चर्चा हो रही है। रेलवे ने एक विशेष सेफ्टी ड्राइव भी शुरू किया है, जिसके तहत यार्ड और ब्लॉक सेक्शन में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
भारी वर्षा से परिचालन प्रभावित
अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में कई ऐसे रेल मार्ग हैं जहां भारी वर्षा के कारण परिचालन प्रभावित हो सकता है। इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने बताया कि मानसून के दौरान ट्रेनों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सोनपुर मंडल लगातार सक्रिय रूप से कार्यरत है।
