Bihar News: बिहार चुनाव से पहले घोषणाओं की झड़ी में एक और इजाफा हुआ है। इस बार बिहार सरकार ने ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाया है। बिहार की नीतीश सरकार अब आशा और ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ा रही है। अपनी सबसे ताजा घोषणा में बिहार सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को तीन गुना बढ़ा दिया है। इसके साथ ही ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय को भीअब दोगुना कर दिया गया है।
बिहार सरकार ने बढ़ाया आशा-ममता कार्यकताओं का मानदेय (फाइल फोटो | PTI)
आशा कार्यकर्ताओं को मिलेंगे 3 हजार
नीतीश सरकार ने यह घोषणा की है कि अब आशा कार्यकर्ताओं 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं के मानदेय को हर प्रसव पर 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर दिया ध्यान (फाइल फोटो | ANI)
मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
इसकी जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके दी। जिसमें उन्होंने लिखा कि "नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।
आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।"
इस बीच हुईं कई घोषणाएं
आगामी चुनाव के मद्देनजर ये घोषणाएं बड़ी मानी जा रही हैं। राज्य में पिछले कुछ दिनों के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई ऐसे बड़े ऐलान किए हैं जिससे आम लोगों का सीधा जुड़ाव है। मुख्यमंत्री ने 17 जुलाई को घोषणा की थी कि अब राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। इससे पहले, 16 जुलाई को उन्होंने सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की रिक्तियों की गिनती करने और उनकी नियुक्ति के लिए TRE 4 की परीक्षा जल्द आयोजित कराने के भी निर्देश दिए। बाद में बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली राशि को दोगुनी से भी अधिक बढ़ाकर 15 हजार करने का ऐलान किया था।
