Heat Wave in Bihar: बिहार में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। हीटवेव से लोगों की जानें जा रही हैं। वहीं, अगले दो दिनों तक कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। इसी बीच राज्य में पिछले 24 घंटे में लू लगने से 10 मतदान कर्मियों सहित 14 लोगों की मौत हो गई। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अधिकतर मौतें भोजपुर में हुईं, जहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात पांच अधिकारियों की लू लगने से मौत हो गई।
फाइल फोटो।
इन जिलों में लोगों की मौत
बयान में कहा गया है कि रोहतास में तीन चुनाव अधिकारियों की मौत हो गई, जबकि कैमूर और औरंगाबाद जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसमें कहा गया है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चार अन्य लोगों की मौत हो गई। बयान में कहा गया है कि मृतकों के परिवारों को अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दो दिनों बाद बदलेगा मौसम
आईएमडी वैज्ञानिक आशीष कुमार ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को कुछ जिलों में हीटवेव जारी रहेगा। इनमें कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद ज़िले शामिल हैं। शनिवार के बाद हीटवेव हटेगी। तापमान 40-42 डिग्री के आसपास रहेगा। साथ ही बारिश को लेकर बताया कि पटना में दो तारीख की शाम हल्की बारिश की संभावना है। अभी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलने वाली है।
पूरा बिहार हीटवेव की चपेट में
बता दें कि बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है, क्योंकि कई जगहों पर पारा 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। गुरुवार को बक्सर 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म जगह रहा। भीषण गर्मी के कारण सभी स्कूल, कोचिंग संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र 8 जून तक बंद कर दिए गए हैं।
बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि जब विपक्ष के दबाव के कारण सरकारी स्कूल पहले ही बंद हो चुके हैं, तो शिक्षकों को इस भीषण गर्मी में स्कूल आने के लिए क्यों कहा जा रहा है? जब छात्र ही स्कूल नहीं आएंगे, तो शिक्षक क्या करेंगे? इस भीषण गर्मी में शिक्षकों को छुट्टी दी जानी चाहिए।
इनपुट भाषा
