पटना

बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस की हुंकार, 'नौकरी दो या सत्ता छोड़ो' के नारे के साथ महागठबंधन ने तेज किया चुनावी हमला

महागठबंधन की सहयोगी कांग्रेस 12 जून को बिहार के 25 जिलों में रोजगार के मुद्दे पर आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय स्तर के नेता और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मिलकर रोजगार कार्यालय के समक्ष "नौकरी दो या सत्ता छोड़ो" के नारे के साथ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। साथ ही, वे एनडीए सरकार से पांच अहम सवाल भी पूछेंगे, जिससे रोजगार नीति और अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया जा सके।

Image

बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी आंदोलन

बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विपक्षी महागठबंधन ने नीतीश सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। रोजगार, पलायन, संविदा बहाली, कानून-व्यवस्था और वेतन असमानता जैसे मुद्दों को लेकर महागठबंधन लगातार एनडीए सरकार को घेर रहा है। महागठबंधन की प्रमुख सहयोगी कांग्रेस पार्टी ने 12 जून को राज्य के 25 जिलों में "नौकरी दो या सत्ता छोड़ो" नाम से बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है। इस आंदोलन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और राष्ट्रीय नेता राज्य के विभिन्न रोजगार कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस दौरान नीतीश सरकार से पांच अहम सवाल पूछे हैं कि रिक्त पदों की बहाली कब होगी? पेपर लीक की जांच का क्या हुआ? संविदा कर्मियों को स्थायी कब बनाया जाएगा? समान काम के लिए समान वेतन कब मिलेगा? और पलायन की समस्या का समाधान कब होगा? इसी दिन, 12 जून को महागठबंधन की चौथी बैठक भी तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। राजेश राम ने एनडीए के 11 साल के शासन को बिहार और देश के लिए "विनाशकारी" बताया और केंद्र की मोदी सरकार को किसान, दलित, मजदूर, महिला और गरीब विरोधी करार दिया।

वहीं, महागठबंधन की एक अन्य प्रमुख पार्टी भाकपा (CPI) ने 9 जुलाई को केंद्रीय मजदूर संगठनों द्वारा घोषित आम हड़ताल को समर्थन देने का निर्णय लिया है। पटना में आयोजित भाकपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक में चुनाव तैयारियों सहित विभिन्न जन मुद्दों पर चर्चा की गई।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article