पटना

नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनें तो यह बिहार का सौभाग्य होगा, बच्चा-बच्चा खुश होगा, बोले BJP विधायक

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस बीच बिहार में भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ठाकुर का कहना है कि यदि नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो यह बिहार के लिए एक अत्यंत सकारात्मक विकास होगा। उनके अनुसार, यह स्थिति बिहार के लिए भी लाभकारी साबित होगी।

Image

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Photo : PTI

देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल यानी सोमवार 21 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पद से इस्तीफा दिया है। लेकिन उनके इस्तीफे को लेकर राजनीति भी खूब हो रही है और कयासबाजी भी हो रही है। इस बीच मीडिया से बात करते हुए बिहार के एक भाजपा विधायक ने कहा कि अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैं तो बिहार का सौभाग्य होगा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाए जाने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। बिहार में भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ने इस संभावना पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। जब उनसे इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विपक्ष के कहने पर नहीं होता है। लेकिन अगर विकास पुरुष नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैं तो बिहार का बच्चा-बच्चा खुश होगा। यह बिहार के लिए शुभ होगा, राज्य का सौभाग्य होगा।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफा सौंपा और प्रधानमंत्री, मंत्रि परिषद और सांसदों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वह राज्यसभा के सभापति भी हैं और मानसून सत्र के पहले दिन वहां उपस्थित भी रहे।

हालांकि, नीतीश कुमार की इस संभावित नियुक्ति पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। विपक्ष ने इस मुद्दे पर तंज कसा है। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि भाजपा नीतीश कुमार को साइडलाइन करने की रणनीति पर काम कर रही है। विपक्षी दलों का कहना है कि भाजपा उनके नाम पर चुनाव लड़ेगी, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार को नहीं चुना जाएगा।

बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस संबंध में ट्वीट किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के कयास जोर पकड़ रहे हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article