पटना

Bihar News: अब घर बैठे बुक करें बिहार की सरकारी बस का टिकट, BSRTC ने शुरू की नई सुविधा

बिहार में सरकारी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। BSRTC ने केनरा बैंक के साथ मिलकर एक समझौता किया है, जिसके तहत अगस्त से यात्री वर्ल्डलाइन एप के जरिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। यह सेवा यात्रियों को घर बैठे सीट बुकिंग, ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल टिकट की सुविधा देगी।

Image

सांकेतिक फोटो - (PC - istock)

Photo : iStock

Bihar Bus Digital Ticket: बिहार में अब सरकारी बसों में सफर करना और भी आसान और स्मार्ट होने वाला है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने यात्रियों के लिए डिजिटल टिकटिंग सेवा की शुरुआत करने का फैसला किया है, जिससे अब यात्री ऑनलाइन ही टिकट बुक कर सकेंगे। उन्हें टिकट खरीदने के लिए बस स्टैंड के काउंटर पर लंबी लाइन लगाने की जरूरत नहीं होगी।

अगस्त से बुक होगी ऑनलाइन टिकट

हिंदुस्तान में छपी खबर के अनुसार यात्रियों को अगस्त से ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए उन्हें वर्ल्डलाइन से टिकट बुक करनी होगी। ई-टिकटिंग के लिए बीएसआरटीसी और केनरा बैंक के बीच शनिवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस मौके पर परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि यह पहल यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगी। इससे खासतौर पर उन लोगों को फायदा होगा जो बिहार के बाहर रहते हैं और पर्व-त्योहारों में घर आने के लिए कंफर्म सीट चाहते हैं। अब वे घर बैठे मोबाइल से सीट बुक कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।

बीएसआरटीसी के प्रशासक अतुल वर्मा ने बताया कि फिलहाल निगम की 804 बसों से रोजाना 56,000 से अधिक यात्री सफर करते हैं। जिससे 34 लाख रुपये का राजस्व प्रतिदिन मिलता है। भविष्य में 80 पिंक बसें, 500 अंतरराज्यीय बसें और 400 पीएम ई-बसें चलाई जाएंगी। इन सभी बसों में डिजिटल टिकटिंग, रूट चार्ट, सीट चयन, ऑनलाइन पेमेंट और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। केनरा बैंक के अधिकारियों ने बताया कि ई-टिकटिंग के लिए यात्रियों को भुगतान के कई विकल्प मिलेंगे। उन्होंने बताया कि बीएसआरटीसी एप और वर्ल्डलाइन पोर्टल भी विकसित किए जा रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article