बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले कई विकास योजनाओं की घोषणा और शिलान्यांस हो रहा है। बिहार के लिए कई अन्य योजनाओं की भी घोषणा हो रही है, जिसमें ट्रेनों की घोषणा भी शामिल है।
बिहार में 8 स्टेशनों से चलेंगी अमृत भारत ट्रेनें
राज्य के कई शहरों में नई अमृत भारत ट्रेनें चलाने की योजना अंतिम चरण में है। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गया, पूर्णिया, दानापुर सहित आठ स्टेशनों से ये ट्रेनें संचालित होंगी। रेलवे बोर्ड के स्तर पर इस योजना की शुरुआत हो चुकी है और एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी, ट्रेन के परिचालन का समय और मार्ग निर्धारित किया जाएगा।
इन ट्रेनों के लिए 16 बोगियों का रैक तैयार किया गया है, जिसमें आठ स्लीपर और आठ जनरल बोगियां शामिल होंगी। इन ट्रेनों को इंदौर, सूरत, आनंद विहार, कोलकाता, हावड़ा, बेंगलुरू जैसे प्रमुख शहरों के बीच चलाने की योजना है, जिससे रेल यातायात में सुधार होगा और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
इसके अलावा, मुजफ्फरपुर को दो नई वंदे भारत ट्रेनें भी मिल रही हैं। इनमें से एक ट्रेन अयोध्या कैंट से पटना के बीच चलेगी, जबकि दूसरी पूर्णिया से दानापुर के बीच संचालित होगी। दोनों ट्रेनों की समय सारिणी अभी तैयार की जा रही है। इस प्रकार, बिहार में रेल परिवहन की सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
