Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में मौसम बदल चुका है। अधिकांश जिलों में जोरदार बारिश हो रही है और आज भी ऐसे ही आसार हैं। पटना समेत कई जिलों में पूरे हफ्ते बारिश का दौर चलने वाला है। इसके साथ वज्रपात और आंधी की स्थिति भी बनती दिख रही है। जिसको लेकर मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को कुछ जिलों में खतरे को देखते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया गया था।
बिहार को मिली गर्मी से राहत
कैसा रहेगा आज का मौसम
आज, सोमवार को प्रदेश भर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गर्मी से मिले राहत के साथ ही आंधी-बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। राज्य के उत्तरी हिस्से में यानी पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर के इलाकों में तेज हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे जा सकती है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने इन इलाकों समेत 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दक्षिण बिहार के इलाके, जिसमें रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिले आते हैं, यहां भी तेज हवा और ठनके की आशंका जताते हुए इन इलाकों समेत 17 जिलों येलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधान रहने की अपील की है।
कैसा रहेगा कल का मौसम
कल, यानी मंगलवार को प्रदेश के उत्तर-मध्य और उत्तर पश्चिम हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यहां तड़क-गरज के साथ आकाशीय बिजली और आंधी की आशंका जताई है। इसके तहत पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर को सावधान रहने और मौसमी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
पटना का मौसम
पटना में आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहेगा और न्यूतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जाएगा। 26 अप्रैल के बाद तापमान में काफी तेजी से गिरावट देखी गई है। शनिवार, 26 अप्रैल को पटना में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो रविवार को हुए मौसमी बदलाव के कारण गिरकर 37 डिग्री पर आ गया। आज पटना में आसमान पर बादल छाए रहेंगे। इसके साथ बारिश, आंधी और ठनके की संभावना भी जताई गई है। यही हाल लगभग पूरे सप्ताह रहने वाला है।
