Bihar News: बिहार की राजधानी पटना के परसा बाजार इलाके से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक तीन साल की मासूम बच्ची, जिसे अभी ठीक से बोलना भी नहीं आता था, वह अपनों की ही हैवानियत का शिकार हो गई। शुक्रवार की रात एक सगे चाचा ने अपने नशेड़ी दोस्तों के साथ मिलकर अपनी ही भतीजी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मासूम बच्ची पटना एम्स के आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
पटना के परसा बजार क्षेत्र की घटना
सोते समय घर से उठा ले गया सगा चाचा
घटना शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे की है। मासूम बच्ची अपने घर में बेखबर सो रही थी। उसी समय उसका 22 वर्षीय सगा चाचा, जो स्मैक के नशे का आदी बताया जा रहा है, घर में दाखिल हुआ। उसने सो रही मासूम को गोद में उठाया और घर से करीब 500 मीटर दूर एक सुनसान खेत में ले गया। वहां उसके दो अन्य दोस्त पहले से मौजूद थे। इन दरिंदों ने मिलकर उस नन्ही जान के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
चीखें सुनकर दौड़े ग्रामीण, रोंगटे खड़े कर देने वाली बर्बरता
वारदात के समय पास ही एक व्यक्ति अपने मछली पालन वाले तालाब की रखवाली कर रहा था। जब उसे बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, तो उसे लगा कि शायद कोई बच्चा चोर गांव में घुस आया है। उसने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आरोपी घबरा गए और बच्ची को लहूलुहान हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए। शोर सुनकर बच्ची की मां और परिजन भी मौके पर पहुंचे। बच्ची की हालत देखकर हर किसी की रूह कांप गई; उसके नाजुक अंगों को दांतों से काटा गया था और पूरे शरीर पर मारपीट के नीले निशान थे।
मासूम ICU में भर्ती, हालत नाजुक
बच्ची को आनन-फानन में पटना एम्स ले जाया गया, जहां अत्यधिक खून बहने के कारण उसे ICU में भर्ती करना पड़ा। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची के चेहरे, पीठ और गुप्त अंगों पर गहरे जख्म हैं। दरिंदों ने उसकी आवाज दबाने के लिए उसके साथ अमानवीय बर्बरता की। अस्पताल में बच्ची की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
दो गिरफ्तार, स्पीडी ट्रायल की तैयारी
परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा और उसके एक साथी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जितेंद्र की खुद की सात साल की एक बेटी है, फिर भी उसने इस जघन्य अपराध में साथ दिया। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया है। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेंगे।
