Patna Flood News: बिहार की राजधानी पटना और उसके आसपास के इलाकों में नदियों के उफान ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। गंगा के साथ-साथ पुनपुन नदी के रौद्र रूप के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है। इसी बीच पटना के दीदारगंज स्थित रायबाग इलाके से एक डराने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां बाढ़ के पानी ने एक ट्रैक्टर शोरूम के यार्ड को पूरी तरह से जलमग्न कर दिया है।
ये भी पढ़ें- गंगा का जलस्तर बढ़ते ही भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में बिगड़े हालात, कैंपस में घुसा बाढ़ का पानी; हॉस्टल कराए गए खाली
सैकड़ों चमचमाती ट्रैक्टरें बाढ़ की चपेट में
दीदारगंज के रायबाग स्थित ट्रैक्टर शोरूम के यार्ड में पुनपुन नदी का पानी अचानक और काफी तेजी से दाखिल हो गया। देखते ही देखते यार्ड में खड़ी नई और चमचमाती सैकड़ों ट्रैक्टरें पानी में डूब गईं। ड्रोन कैमरों से ली गई तस्वीरों में चारों तरफ केवल पानी और उसमें आंशिक रूप से डूबी हुई ट्रैक्टरें ही नजर आ रही हैं, जो बाढ़ की भयावहता की गवाही दे रही हैं।
कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
यार्ड में अचानक जलस्तर बढ़ता देख वहां तैनात कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के बाद नुकसान की आशंका को देखते हुए शोरूम मालिक ने फिलहाल इसे पूरी तरह से बंद कर दिया है।
लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है और कई परिवारों के आशियाने भी बाढ़ के पानी में समा चुके हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों पर नजर रखी जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
बिहार में बाढ़ का कहर
बिहार में बाढ़ से कई जिलों में तबाही मची हुई है। गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों के जलस्तर में वृद्धि से राज्य के 12 जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे 22 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सोमवार सुबह छह बजे पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 50.41 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.57 मीटर ऊपर है। वहीं दीघा घाट पर जलस्तर 43.52 मीटर रहा, जो खतरे के निशान से 1.75 मीटर अधिक है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य में गंडक नदी डुमरियाघाट और हाजीपुर, कोसी बलतारा और कुरसेला, बूढ़ी गंडक खगड़िया, गंगा हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव, बक्सर और मुंगेर, पुनपुन श्रीपालपुर, बागमती बेनीबाद तथा घाघरा दरौली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्होंने बताया कि बिहार और पड़ोसी झारखंड में हुई भारी वर्षा के कारण विभिन्न शहरों में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सितंबर में अब तक राज्य में 69.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 55 प्रतिशत अधिक है।
