Khan Sir News: पटना की एक अदालत ने खान सर को बहुत बड़ी राहत दे दी है। कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। खान सर कोचिंग फायरिंग केस मामले में अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट गए थे, जहां से उन्हें यह अंतरिम राहत मिली है। खान सर के खिलाफ बिहार पुलिस ने केस दर्ज किया है और गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही थी। लेकिन अब खान सर को राहत मिल गई है।
खान सर की गिरफ्तारी पर रोक (फोटो-Khan Sir Facebook)
खान सर के वकील ने क्या कहा?
खान सर के वकील अरविंद कुमार मौआर ने पटना में संवाददाताओं से कहा, ’’अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है और अगली सुनवाई पर केस डायरी तथा पृष्ठभूमि प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।’’ मौआर ने कहा, ’’सभी तथ्य कानून के अनुरूप अदालत के समक्ष रखे गए हैं। केस डायरी का परीक्षण करने के बाद अदालत से अंतिम आदेश पारित होने की उम्मीद है।’’
अगली सुनवाई कब?
उन्होंने बताया कि अगली सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है। मौआर ने कहा कि अदालत ने उन दो सुरक्षाकर्मियों के संबंध में भी केस डायरी और पृष्ठभूमि प्रस्तुत करने को कहा है, जिन्हें पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया था। उन्होंने कहा, ’’उनके मामले की सुनवाई कल निर्धारित है। केस डायरी अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के बाद सुनवाई होगी।’’
क्या है पूरा मामला और क्यों दर्ज हुई FIR?
बीती 2 जून को पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित कोचिंग सेंटर 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' और खान सर के कोचिंग संस्थान के बीच विवाद हो गया, मारपीट हो गई, फायरिंग भी हो गई। जिसमें एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। जांच के दौरान पुलिस को एक वीडियो मिला, जिसमें खान सर के संस्थान के दो गार्ड बचाव में हवाई फायरिंग करते दिखे। इसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर उनके हथियार जब्त कर लिए और उन्हें फॉरेंसिक जांच (FSL) के लिए भेज दिया। इस मामले में कदमकुआं थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (उकसाना) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत खान सर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।
