Khan Sir Coaching: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले के मामले में नया खुलासा हुआ है। फायरिंग की बात सच साबित हुई है और जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें खान सर का बॉडीगार्ड की फायर करते दिख रहा है। इस मामले में पुलिस ने खान सर के दो बॉडीगार्ड को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
कैसे आया फायरिंग का सच सामने?
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग खुलेआम फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस द्वारा जब इस वीडियो की गहनता से जांच की गई, तो यह बात सामने आई कि हवा में गोलीबारी करने वाले कोई बाहरी तत्व नहीं, बल्कि खुद खान सर के निजी गार्ड थे। इस सच के उजागर होते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर के दोनों निजी गार्डों को हिरासत में ले लिया है।
खान सर का फायरिंग का दावा और फिर मुकरे
खान ने शुरुआत में दावा किया था कि संस्थान पर गोलीबारी भी हुई थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की थी। बाद में फायरिंग वाली बात से खान सर पलट गए थे। खान सर ने कहा था, "पास के एक कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया, हमारे सुरक्षागार्ड की बुरी तरह से पिटाई की और गोलियां भी चलाईं। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि कोई व्यक्ति इतनी कम फीस में छात्रों को कैसे पढ़ा सकता है और हर साल इतने अच्छे परिणाम कैसे दे सकता है।"
हमले में कौन-कौन शामिल, कौन गिरफ्तार?
इससे पहले पटना में ’खान सर’ के नाम से मशहूर शिक्षक फैसल खान के कोचिंग संस्थान में कथित तोड़फोड़ और पथराव के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का निदेशक भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक (शहर) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "मंगलवार रात लगभग 10:10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र में ’खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ में पथराव और संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।" बयान के मुताबिक, शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में सामने आया है कि पटना स्थित एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े 15-20 लोग कथित तौर पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना में शामिल थे।
