Panchkula News: हरियाणा के पंचकूला से खाकी को कटघरे में खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक पुलिसकर्मी द्वारा सरेआम एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला की पुलिस उपायुक्त (DCP) सृष्टि गुप्ता ने त्वरित और कड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को सीधे नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। यह मामला पंचकूला के रामगढ़ चौकी क्षेत्र का है। सेवा से बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मी की पहचान इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल पर तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) जयवीर सिंह के रूप में हुई है।
नशे में धुत युवक पर SPO ने बरसाए थे थप्पड़
संदिग्ध की सूचना पर गई थी टीम, पुलिसकर्मी ने खोया आपा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामगढ़ क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से घूम रहा है। इस सूचना पर ERV टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने पाया कि संबंधित युवक अत्यधिक नशे की हालत में था।
इसी दौरान, SPO जयवीर सिंह ने कानून अपने हाथ में ले लिया और युवक के साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद किसी चश्मदीद ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में पुलिसकर्मी की बर्बरता साफ नजर आ रही थी, जिसके बाद लोग पुलिस के इस रवैये पर सवाल उठाने लगे।
"वर्दी का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं" - DCP का कड़ा संदेश
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना कोई वक्त गंवाए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय समीक्षा की। घटना की सत्यता की पुष्टि होते ही उन्होंने तत्काल प्रभाव से एसपीओ जयवीर सिंह की सेवा समाप्त करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार और शक्ति के दुरुपयोग के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना है। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा निर्धारित आचरण के विपरीत कार्य किए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
