Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम में सड़क सह रेल पुल के पास गोदावरी नदी में कूदकर पंचायती राज विभाग के एक सहायक अभियंता, उनकी पत्नी और बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जबकि स्थानीय नाविकों ने उनके बेटे को सुरक्षित बचा लिया। दक्षिण क्षेत्र की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ए शिवप्रिया ने बताया कि मृतक की पहचान गोल्लापुडी नुकाराजू के रूप में हुई है, जो काकीनाडा जिले (पूर्व में पूर्वी गोदावरी) के पीथापुरम में पंचायती राज विभाग में सहायक अभियंता थे।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस हादसे में नुकाराजू की पत्नी और उनकी बेटी सौजन्या की भी मौत हो गई। डीएसपी शिवप्रिया ने बताया, "एक ही परिवार के तीन लोगों ने गोदावरी में कूदकर आत्महत्या कर ली, जबकि उनके पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को मछुआरों ने सुरक्षित बचा लिया।" उन्होंने बताया कि नुकाराजू रविवार शाम अपनी पत्नी, बेटी सौजन्या और बेटे के साथ एक ड्राइवर की गाड़ी में राजमुंदरी की ओर जा रहे थे।
तैराक है बेटा
डीएसपी ने बताया कि कोव्वूर पहुंचने के बाद परिवार ने ड्राइवर को भुगतान किया और उसे जाने को कह दिया। इसके बाद वे अपनी गाड़ी में राजमुंदरी की ओर बढ़े, जिसे सौजन्या चला रही थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 11:45 बजे सड़क सह रेल पुल के पास नुकाराजू की पत्नी ने कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद नुकाराजू, सौजन्या और उनके बेटे ने भी नदी में छलांग लगा दी। डीएसपी के अनुसार, बेटा अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुका एक तैराक है। उसने शुरुआत में अपनी मां का हाथ थामे रखा और मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन बाद में उसने चिल्लाना बंद कर दिया और आखिरकार अपनी मां का हाथ छोड़ दिया।
सुसाइड नोट भी सामने आया
डीएसपी शिवप्रिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थानीय मछुआरों से मदद मांगी। पास के एक द्वीप से आए नाविकों ने लड़के की चीख-पुकार सुनकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे रात में ही बचा लिया गया था और वह पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि बाद में पंचायती राज विभाग में नुकाराजू द्वारा कथित तौर पर लिखा गया एक सुसाइड नोट सामने आया। डीएसपी ने बताया कि पत्र में नुकाराजू ने शेख सादिक खान नाम के एक व्यक्ति पर उनके परिवार को प्रताड़ित करने, उनके घर में विवाद पैदा करने और उनके बैंक खातों को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खान ने यह बात किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, खान के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
