शहर

ओडिशा में गहराया बाढ़ का संकट, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट; 100 बचाव दल तैनात

Odisha Flood News: उत्तर ओडिशा में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और करीब पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं। IMD ने 18 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Image

ओडिशा के कई जिलों में बाढ़ से हालात गंभीर

Photo : ANI

Odisha Flood News: उत्तर ओडिशा में लगातार बारिश के कारण बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर हो गए हैं। बाढ़ के कारण करीब पांच लाख लोग प्रभावित हुए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के अवदाब में बदलने के बाद 18 अगस्त तक और बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

खराब मौसम के कारण स्कूल-कॉलेज बंद

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी आज बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित भद्रक और जाजपुर जिलों का मौके पर जाकर जायजा ले सकते हैं। सीएमओ ने बताया कि 2.37 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और तटीय हिस्सों तथा स्कूलों में बनाए गए करीब 300 राहत शिविरों में रखा गया है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। खराब मौसम के कारण सोमवार को स्कूल एवं अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहे ।

कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

आईएमडी ने मछुआरों को चेतावनी देते हुए 18 अगस्त तक उत्तर पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश, ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। अवदाब बनने के बाद आईएमडी ने ओडिशा के बालासोर, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश के लिए ’रेड अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल और ढेंकनाल समेत 11 जिलों के लिए ’ऑरेंज अलर्ट’ (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) भी जारी किया है। इन जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बरगढ़, सोनपुर, बौध, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों के लिए भारी बारिश का ’येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) भी जारी किया है।

खराब मौसम के कारण हाई अलर्ट पर प्रशासन

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा कि उत्तर ओडिशा के संवेदनशील इलाकों में करीब 100 बचाव दल तैनात किए गए हैं। जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ इंजीनियरों को तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी के लिए तीन वरिष्ठ अधिकारियों को भद्रक, जाजपुर और बालासोर जिलों में भेजा गया है। गर्ग ने कहा कि 16, 17 और 18 अगस्त को तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश के आईएमडी के पूर्वानुमान के बाद पूरा प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

मुख्य सचिव ने कहा, ’’उत्तर ओडिशा के जिलों के लिए ये तीन दिन महत्वपूर्ण हैं’’ और उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया। इस बीच, कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह 5.30 बजे तक बालासोर शहर में 93.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article