Noida News: सेफ्टी टैंक में उतरते ही घुटने लगा दम, जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत

  • Agency by: Agency
  • Updated May 4, 2024, 01:26 PM IST

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक मकान के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से दो लोगों की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश, नोएडा: शहर के एक मकान के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां सेफ्टी टैंक में उतरे दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि नोएडा सेक्टर-26 में रहने वाले सुमित चावला ने सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए शुक्रवार शाम दो लोगों को बुलाया था। उन्होंने बताया कि दोनों व्यक्ति जब सेप्टिक टैंक में सफाई करने उतरे तो उनका दम घुटने लगा और देखते ही देखते दोनों जहरीली गैस के चपेट में आ गए।

मालदा के रहने वाले थे सफाईकर्मी

अधिकारी ने बताया कि दोनों को बाहर निकालकर कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी अस्पताल से मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान नूनी मंडल और तपन मंडल के रूप में हुई, जो सेक्टर नौ जेजे कॉलोनी के रहने वाले थे। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जनपद के रहने वाले थे।

End of Feed