नोएडा

Noida में तीन दिन धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर; बकरीद पर भूलकर भी न करें ये गलतियां

गौतमबुद्धनगर में बकरीद के मौके पर 7 जून से 9 जून तक धारा 163 लागू की गई है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए 6 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही कमिश्नरेट के तीनों जोनों के डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना-चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त पर भी रहेंगे। बकरीद पर प्रतिंबधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक लगाई गई है। साथ ही ईदगाह और मस्जिद में ही नमाज अदा करने के लिए कहा गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

बकरीद के मौके पर गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले आज से धारा 163 भी लागू कर दी गई है। जिसका प्रभाव तीन दिन तक रहेगा। यह फैसला बकरीद और विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित धरना प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है। इस दौरान पुलिस की चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रहेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी खास निगरानी रहेगी। बकरीद पर लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल ईदगाह और मस्जिद के अंदर ही नमाज पढ़े। वहीं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के लिए 6000 पुलिसकर्मी तैनात

बकरीद पर ईदगाहों और मस्जिदों में शांतिपूर्वक नमाज अदा होगी। त्योहार के मौके पर खुशियों में खलल न पड़े, इसके लिए शहर से देहात तक सुरक्षा का मजबूत घेरा खींचा गया है। इसके लिए छह हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के साथ निगरानी में जुटे हैं। अतिरिक्त सतर्कता के लिए जिले में 7 जून से 9 जून तक धारा 163 (पूर्व में CRPC की धारा 144) लागू रहेगी। इन तीन दिनों के दौरान किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन पर रोक रहेगी। प्रशासन के मंजूरी के बाद ही कोई कार्यक्रम या जुलूस का आयोजन किया जा सकेगा। इस दौरान माहौल खराब करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

गश्त पर लगातार रहेगी पुलिस

ईद उल अजहा (बकरीद) के मौके पर गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के तीनों जोनों के डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना-चौकी प्रभारी अपने-अपने इलाकों में गश्त पर रहेंगे। जिले में थानों की पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी के बारे में पहले से ही जानकारी दे दी गई है। इसके अलावा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में खास सतर्कता बरतने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी बनाई गई है। साथ ही इलाके में चार कंपनी पीएसी की भी तैनाती की गई है।

नमाज वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कमिश्नरेट में 100 से ज्यादा जगहों पर नमाज अदा की जाएगी। जहां पर 15 क्यूआरटी टीमों और 4 कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस ऑफिस और पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। ऑफिस में तैनात 8 सीनियर पुलिस अधिकारियों को भी फील्ड ड्यूटी में भेजा गया है। इस दौरान लोगों से किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने को कहा गया है। बकरीद पर लोग प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी से परहेज़ करें, वरना उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article