Noida Construction Accident: नोएडा के सेक्टर-144 थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। निर्माण कार्य के समय अचानक बिल्डिंग की शटरिंग ढह गई। इसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान कर ली गई है और पुलिस द्वारा उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
हिरासत में सुपरवाइजर और ठेकेदार
पुलिस उपायुक्त जोन-2 शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि घटना की जांच के सिलसिले में निर्माण स्थल पर मौजूद सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। शटरिंग गिरने के कारणों को लेकर लापरवाही और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच जारी
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान हो गई है। मृतकों में 45 वर्षीय मंटू सिंह शामिल हैं, जो कालेश्वर सिंह के पुत्र थे और बिहार के बांका जिले के थाना बंधुवा कुरांवा (बौंसी) क्षेत्र के गांव शाहसन के निवासी थे। दूसरे मृतक की पहचान 24 वर्षीय शीबू के रूप में हुई है। वह मनेश्वरराम का पुत्र था और झारखंड के दुमका जिले के थाना हड्डियां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनिया का रहने वाले थे। इस दुर्घटना में बिहार के बांका जिले के गांव शाहसन निवासी 32 वर्षीय मिथुन, पुत्र कालेश्वर सिंह, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
