शहर

Noida News: नोएडा की सबसे व्यस्त सड़क होगी जाम मुक्त, प्राधिकरण ने शुरू की तैयारी

नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-98 हाजीपुर अंडरपास तक विश्वकर्मा मार्ग को जाम मुक्त बनाने की योजना तैयार कर रहा है। इसके लिए एजेंसी से सर्वे कराकर जाम के कारणों की पहचान की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर सुधार कार्यों की कार्ययोजना बनाकर टेंडर जारी किए जाएंगे।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Noida News: नोएडा में ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्राधिकरण ने एक बड़ी और अहम योजना बनाई है। इसके तहत सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन गोलचक्कर से लेकर सेक्टर-98 हाजीपुर अंडरपास तक के रास्ते को जाम मुक्त बनाने की योजना तैयार की जा रही है। जिसके लिए जल्द ही एक एजेंसी के माध्यम से सर्वे कराया जाएगा, जो जाम के वास्तविक कारणों की पहचान करेगी। सर्वे के आधार पर जाम से निपटने के लिए स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाई जाएगी।

13 किमी लंबी विश्वकर्मा रोड पर लगता है भारी जाम

नोएडा सेक्टर-62 में मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-98 हाजीपुर अंडरपास तक का मार्ग नंबर-6 के नाम से भी जाना जाता है, इसे विश्वकर्मा मार्ग भी कहते हैं। यह रोड करीब 13 किलोमीटर लंबी है, जो नोएडा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह रास्ता नोएडा को सीधे गाजियाबाद, एनएच-9 से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करता है। इस रास्ते पर रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही होती है।

इस रोड पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है, लेकिन सुबह-शाम के व्यस्त समय में लोगों को यहां पर रोजाना लंबा जाम झेलना पड़ता है। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण सीईओ ने इस रोड से ट्रैफिक जाम को कम करने का निर्देश दिया है। इस मार्ग का जमीनी निरीक्षण करने के बाद प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह ने नोएडा ट्रैफिक सेल के अधिकारियों को इस दिशा में ठोस कदम उठाने को कहा है।

सर्वे रिपोर्ट के आधार पर खामियों को दूर किया जाएगा

महाप्रबंधक ने वर्क सर्किल-4 के वरिष्ठ प्रबंधक को निर्देश दिए हैं कि रोड इंजीनियरिंग में दक्ष किसी पेशेवर एजेंसी से इस सड़क का विस्तृत सर्वे कराया जाए। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए रास्ते की खामियों को दूर किया जाएगा। इसके लिए एक विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके बाद परीक्षण के बाद नोएडा प्राधिकरण की ओर से टेंडर जारी किया जाएगा और निर्माण व सुधार कार्य शुरू किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article