शहर

उत्तराखंड के रामनगर में मची सनसनी, शादी के 3 महीने बाद नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी

उत्तराखंड के रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र चिल्किया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Image

रामनगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)

Ramnagar Newlywed Woman Death: उत्तराखंड के रामनगर के ग्रामीण इलाके चिल्किया में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में भारी शोक फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, चिल्किया गांव निवासी खीम सिंह की पत्नी मधु देवी ने शुक्रवार दोपहर घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सदस्य अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। काफी देर तक जब महिला नजर नहीं आई तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा, जहां मधु का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है और जांच जारी है।

9 फरवरी 2026 को हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, मृतका मधु देवी की शादी इसी वर्ष 9 फरवरी 2026 को हुई थी और अभी विवाह को केवल तीन महीने ही बीते थे। बताया जा रहा है कि उनका मायका जसपुर क्षेत्र में है। परिजनों के मुताबिक, मृतका का भाई गुरुवार को ही उसे ससुराल छोड़कर वापस लौटा था। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी रामनगर पहुंच गए। चूंकि महिला की शादी को सात वर्ष से कम समय हुआ था, इसलिए नियमों के तहत नायब तहसीलदार कुंदन पुरी की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच शुरू कर दी है।

पूरे मामले की गहन जांच जारी

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त होती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं नायब तहसीलदार कुंदन पुरी ने जानकारी दी कि नियमानुसार शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। साथ ही मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article