अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच (Ahmedabad Crime Branch) ने NEET-UG 2026 परीक्षा के रिफंड सिस्टम का दुरुपयोग कर छात्रों की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब 100 छात्रों के पोर्टल अकाउंट को निशाना बनाया था। जॉइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) शरद सिंघल ने बताया कि NEET परीक्षा रद्द होने के बाद सरकार द्वारा छात्रों को परीक्षा शुल्क रिफंड किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी दौरान आरोपी ने NEET पोर्टल की सुरक्षा में मौजूद एक कमजोरी का फायदा उठाया।
NEET रिफंड में सेंध लगाने वाला साइबर ठग बिहार से गिरफ्तार
कैसे पैसा कर रहा था ट्रांसफर?
पुलिस के अनुसार, पोर्टल पर ‘फॉरगेट पासवर्ड’ प्रक्रिया में सुरक्षा प्रश्नों के जरिए पासवर्ड रीसेट किया जा सकता था। आरोपी ने ‘फेवरेट कलर’ और ‘फेवरेट स्पोर्ट’ जैसे सुरक्षा प्रश्नों को ब्रूट फोर्स तकनीक से क्रैक कर कई छात्रों के अकाउंट में अवैध रूप से लॉगिन किया। लॉगिन हासिल करने के बाद आरोपी छात्रों के बैंक खाते की जानकारी बदलकर अपने खाते की डिटेल्स दर्ज कर देता था और रिफंड प्रक्रिया सक्रिय कर देता था, ताकि छात्रों की रिफंड राशि उसके खाते में जमा हो जाए। जब वास्तविक छात्रों ने रिफंड क्लेम करने की कोशिश की तो उन्हें संदेश मिला कि उनकी राशि पहले ही रिफंड की जा चुकी है। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को बड़ी संख्या में शिकायतें मिलीं और मामला अहमदाबाद साइबर क्राइम को सौंपा गया।
गया जिले से पकड़ा गया आरोपी
NTA के चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO), तकनीकी टीम और साइबर क्राइम ब्रांच की संयुक्त जांच के बाद बिहार के गया जिले से 19 वर्षीय नवीन कुमार शंकर प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बीएससी का छात्र है और गया जिले के घुरियावा गांव का निवासी है। जांच में सामने आया कि नवीन कुमार ने लगभग 100 उम्मीदवारों के NEET पोर्टल अकाउंट्स को निशाना बनाया था। वह कमजोर पासवर्ड वाले अकाउंट्स में अनधिकृत रूप से प्रवेश करता था और रिफंड राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराने के लिए बैंक डिटेल्स बदल देता था।
पुलिस के मुताबिक प्रत्येक छात्र को लगभग ₹1,700 का रिफंड मिलना था। अब तक 150 से अधिक छात्रों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। साइबर क्राइम ब्रांच आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है तथा संबंधित रकम को फ्रीज कर पीड़ित छात्रों को वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
अहमदाबाद साइबर क्राइम का कहना है कि NTA की तकनीकी जानकारी और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे बिहार से गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किसी अन्य परीक्षा या शैक्षणिक पोर्टल को भी निशाना बनाया था या नहीं।
