Delhi Crime News: दिल्ली के रानी बाग इलाके से एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार, दो लोगों ने उसके साथ चलती स्लीपर बस के अंदर दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पहले हुई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस में महिला को जबरन खींचा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 11 मई की रात काम से घर लौट रही थी। तभी सरस्वती विहार बस स्टैंड पर एक शख्स ने उससे समय पूछा। इसी दौरान युवक ने महिला को वहां खड़ी प्राइवेट बस के अंदर जबरन खींच लिया। पीड़िता के अनुसार आरोपी बस को लेकर नांगलोई की ओर गए, जहां महिला के साथ गैंगरेप कर उसे सड़क किनारे सुनसान इलाके में फेंक दिया। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला के अनुसार घटना के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। वह मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। पीड़िता ने बताया कि उसने किसी तरह पुलिस को फोन किया और मामले की सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
पुलिस के अनुसार इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही बस को भी अपने कब्जे में ले लिया गया है और फोरेंसिक टीम उसकी जांच करेगी। पीड़िता के अनुसार बस में पहले से कुछ और लोग भी मौजूद थे। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
