शहर

बिहार में दिव्यांग को थमा दी खराब ट्राईसाइकिल, गमछे से खींचकर घर ले गया युवक; VIDEO VIRAL

बिहार के मुजफ्फरपुर के बोचहां प्रखंड में आयोजित शिविर में एक दिव्यांग युवक को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल तो सौंप दी गई, लेकिन वह कुछ ही देर में खराब निकल गई।

Image

मुजफ्फरपुर में दिव्यांग को थमा दी खराब ट्राईसाइकिल

मुजफ्फरपुर : जिले में सरकारी सहयोग शिविर के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। बोचहां प्रखंड में आयोजित शिविर में एक दिव्यांग युवक को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल तो सौंप दी गई, लेकिन वह कुछ ही देर में खराब निकल गई। ट्राईसाइकिल न तो स्टार्ट हुई और उसका चक्का भी पंचर था। इसके बाद दिव्यांग युवक घंटों तपती धूप में परेशान बैठा रहा। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला बोचहां प्रखंड की नरमा पंचायत स्थित रामप्यारी उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का है। धनुषी गांव निवासी दिव्यांग सुरेंद्र कुमार को शिविर में बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दी गई थी। सरकारी सहायता मिलने पर सुरेंद्र काफी खुश नजर आए, लेकिन उनकी खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।

बताया गया कि जैसे ही उन्होंने ट्राईसाइकिल चलाने की कोशिश की, वह स्टार्ट नहीं हुई। जांच करने पर पता चला कि वाहन का एक चक्का पंचर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राईसाइकिल पूरी तरह खराब थी और उसे मौके पर चलाना संभव नहीं था। आरोप है कि ट्राईसाइकिल खराब होने के बाद भी शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिव्यांग की मदद नहीं की। सुरेंद्र कुमार काफी देर तक धूप में बैठे रहे। पीड़ित ने कहा कि वह बड़ी उम्मीद लेकर शिविर में पहुंचे थे, लेकिन उन्हें खराब वाहन थमा दिया गया।

इसी दौरान एक स्थानीय युवक ने इंसानियत की मिसाल पेश की। युवक ने अपनी बाइक के पीछे लाल गमछा बांधकर खराब ट्राईसाइकिल को उससे जोड़ा और धीरे-धीरे खींचते हुए सुरेंद्र कुमार को उनके घर तक पहुंचाया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

मामले पर बोचहां की बीडीओ प्रिया कुमारी ने कहा कि ट्राईसाइकिलें उसी दिन जिला मुख्यालय से लाई गई थीं। संभव है कि परिवहन के दौरान तकनीकी खराबी आ गई हो। उन्होंने बताया कि कुछ ट्राईसाइकिलों में पंचर की शिकायत सामने आई थी, जिन्हें ठीक कराया जा रहा है। बीडीओ ने आश्वासन दिया कि खराब ट्राईसाइकिल जल्द ठीक कराकर लाभुक को सौंप दी जाएगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें