Thane News: महाराष्ट्र में ठाणे से सटे मुंब्रा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह कि एक कुत्ता नवजात के शव को अपने मुंह में दबाकर सड़क पर घूमता हुआ दिखाई दिया। कुत्ते में मुंह में नवजात शिशू का शव देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ठाणे : मुंह में नवजात का शव लेकर दौड़ता दिखा कुत्ता
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत नवजात की उम्र करीब 7 से 8 माह बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह नवजात किसका था और उसका शव इस हालत में वहां कैसे पहुंचा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे मुंब्रा बायपास से सटी जास्मिन चॉल के पास एक कुत्ता नवजात के शव को मुंह में दबाकर भागता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की नजर कुत्ते के मुंह में लटक रहे शव पर पड़ी तो हर कोई हैरान रह गया। लोगों ने कुत्ते को रोककर किसी तरह शव को उसके मुंह से छुड़ाया और पुलिस को जानकारी दी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों का अनुमान है कि किसी ने अन्य जगह से यहां आकर नवजात का शव सुनसान जगह पर फेंक दिया होगा, जहां से कुत्ते उसे उठा लाए। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि कुत्ते नवजात के शव को किसी अन्य स्थान से यहां लेकर आए। फिलहाल इन सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
