Mumbai News: महाराष्ट्र में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। कल यानी बुधवार 24 जून को आमची मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। इससे मुंबई की रफ्तार थम गई, जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ। कई जगह रेलवे पटरी के नीचे से मिट्टी खिसकने की तस्वीरें आईं और जगह-जगह जल जमाव ने लोगों की परेशानियां बढ़ाईं।
मुंबई में आज भी भारी बारिश का अलर्ट
लगातार हो रही बारिश के चलते मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर, रायगढ़ और कोंकण क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी गुरुवार 25 जून को भी मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
मुंबई, ठाणे, रायगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में बुधवार को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं सिंधुदुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। अधिकारियों ने लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।
आज भी मुंबई की सड़कों पर भर गया पानी
आज सुबह भी मुंबई के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। मरीन ड्राइव, ईस्टर्न एक्सप्रेसवे और उपनगरीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
मुंबई के तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मुंबई में मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज मुंबई का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Venezuela Earthquake Video: भीषण भूकंप के झटकों से कांपा काराकास एयरपोर्ट, यात्रियों में मची दहशत
मुंबई के मालवानी में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार को हुई सीजन की पहली तेज बारिश ने मुंबई की रफ्तार थाम दी थी। कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। लोकल ट्रेन सेवाएं भी कई जगह देरी से संचालित हुईं। सुबह के व्यस्त समय में बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। IMD के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक शहर के कई हिस्सों में 300 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। मालवानी में 340 मिमी और परेल में 334 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि कोलाबा में 248 मिमी और सांताक्रुज में 225 मिलीमीटर बारिश हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - राजस्थान का मौसम (25 June 2026) Rajasthan Weather Today: बरखा आई, राहत लाई; आज और कल 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
13 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी जरूर आ सकती है, लेकिन मानसून पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून इस साल मुंबई में सामान्य तिथि से 13 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा है, लेकिन अब इसकी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
