मुंबई

भक्ति की यात्रा या सियासत का दांव? रायगढ़ से पंढरपुर तक की वारी में विकास गोगावले की संभावित राजनीतिक पारी की झलक!

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से पंढरपुर तक निकली वार्षिक भक्ति यात्रा इस बार आध्यात्मिक आस्था के साथ राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई। विभग फाउंडेशन के नेतृत्व में हुई इस यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, लेकिन इसमें राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी ने नई संभावनाओं को जन्म दिया। धार्मिक आयोजन के साथ जनसंपर्क और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाली इस यात्रा को कई लोग संभावित राजनीतिक रणनीति के रूप में भी देख रहे हैं।

Image

भक्ति की यात्रा या राजनीतिक शुरुआत?

Photo : Times Now Digital

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से पंढरपुर तक निकली वार्षिक भक्ति यात्रा इस बार केवल आध्यात्मिक नहीं रही बल्कि इसके साथ राजनीतिक चर्चाएं भी जुड़ गईं। विभग फाउंडेशन की पहल पर आयोजित इस वारी में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, भगवान विठोबा को 5,100 लड्डू चढ़ाए गए, लेकिन असली चर्चा यात्रा की राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर हो रही है। इस यात्रा का नेतृत्व विभग फाउंडेशन ने किया, जिसकी थीम रही — “एकच ध्यास, रायगडचा विकास।” आयोजक सुशांत गणेश जाबरे ने इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया, लेकिन मंच पर दिखाई दिए कुछ खास चेहरों और समय-चयन को देखते हुए यह सवाल उठ रहे हैं कि कहीं यह आयोजन राजनीतिक जमीन तैयार करने का मंच तो नहीं?

महाड़ और आसपास के गांवों से 3,000 से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। पंढरपुर पहुंचने पर भगवान विठोबा को 5,100 लड्डू चढ़ाए गए, जिन्हें प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। यात्रा, भोजन और रुकने की सभी व्यवस्थाएं नि:शुल्क थीं, जिससे आयोजन को आम लोगों का जबरदस्त समर्थन मिला। इस धार्मिक यात्रा में शिवसेना के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री भरत गोगावले अपने पुत्र विकास गोगावले के साथ विशेष रूप से मौजूद रहे। यात्रा के मंच और जमीन दोनों पर विकास गोगावले की सक्रिय भूमिका ने अटकलों को हवा दी कि यह धार्मिक आस्था के साथ राजनीतिक प्रवेश की स्क्रिप्ट भी हो सकती है।

इस मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक राजू खरे की उपस्थिति ने सियासी दिलचस्पी को और बढ़ा दिया। भरत गोगावले ने इस पहल को सामाजिक एकता की दिशा में प्रेरक कदम बताया, लेकिन विकास गोगावले की मंच से जनता से संवाद और यात्रियों के साथ उनकी घुलती-मिलती छवि ने इस कार्यक्रम को एक संभावित राजनीतिक लॉन्चिंग पैड बना दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस यात्रा के जरिए विकास गोगावले को जनसंपर्क और जनसामर्थ्य का अनुभव दिलाया गया। इससे एक ओर धार्मिक रंग बना रहा, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश भी साफ दिखी।

स्थानीय जनता और नेताओं के बीच अब चर्चा इस बात की है कि क्या यह आयोजन वास्तव में विकास (गोगावले) की सार्वजनिक छवि गढ़ने और राजनीतिक विरासत तैयार करने की रणनीति थी? यह यात्रा निस्संदेह संगठनात्मक कौशल, धार्मिक आस्था और जनसंपर्क का शानदार उदाहरण रही, लेकिन असली परीक्षा अब आगे है कि क्या इस आयोजन से वाकई विकास की कोई दिशा निकलेगी, या यह केवल शक्ति प्रदर्शन तक ही सीमित रहेगा?

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article