Nitin Gadkari House Bomb Threat: केंद्रीय मंत्री और नागपुर के सांसद नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। नागपुर पुलिस के कंट्रोल रूम के इमरजेंसी नंबर 112 पर कल रात एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसमें उसने गडकरी के वर्धा रोड स्थित एनरिको हाइट्स स्थित निवास को उड़ाने की धमकी दी।
नितिंन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की मिली धमकी
जानकारी के मुताबिक, यह वही जगह है जहां नितिन गडकरी अपने पूरे परिवार के साथ रहते हैं। धमकी की सूचना मिलते ही नागपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गडकरी के घर की गहन तलाशी ली। घर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को नागपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कंट्रोल रूम के इमरजेंसी नंबर 112 पर एक कॉल आया था, जिसमें कहा गया था कि गडकरी के महल स्थित आवास को 10 मिनट में बम से उड़ा दिया जाएगा।
जांच में पता चला कि यह कॉल उमेश विष्णु राउत नामक व्यक्ति ने किया था, जो तुलसी बाग रोड, महल का निवासी है और मेडिकल चौक स्थित एक देसी शराब की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने उसे नागपुर के बीमा दवाखाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
