Mumbai Rain Alert: मुंबई में बीते दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए यहां कभी रेड तो कभी ऑरेंज अलर्ट जारी किया जा रहा है। बता दें कि आज मौसम विभाग ने मुंबई में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगी है। रोजमर्रा के कार्य करना यहां मुश्किल हो गया है। मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। सड़के जलमग्न हो गई है। यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बीएमसी ने आज भी स्कूल और कॉलेज की छुट्टी की घोषणा की है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
मुंबई में कहर बनकर बरस रही बारिश (फोटो - PTI)
मुंबई में जारी भारी बारिश का रेड अलर्ट
आईएमडी ने आज मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाओं के साथ जोरदार मूसलाधार बारिश होगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता न होने पर बाहर जाने से बचे और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में बीएमसी के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं।
कहां हुई कितनी बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 घंटे में मुंबई में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई है। विक्रोली में 135 मिमी, चेंबूर में 124 मिमी, सांताक्रूज में 123.9 मिमी, जुहू में 123.5 मिमी, बांद्रा में 102.5 मिमी बारिश, महालक्ष्मी में 45 मिमी, भायखला में 88.5 मिमी और कोलाबा में 45.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
मुंबई समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के साथ रायगढ़, सतारा, रत्नागिरी, पुणे, नासिक, कोल्हापुर, पालघर, ठाणे, जलगांव, औरंगाबाद, जालना, अमरावती और नागरपुर समेत पूरे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के कोकण विभाग के पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के सभी वरिष्ठ महाविद्यालयों में 19 अगस्त 2025 को अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय संचालक, उच्च शिक्षा, महाराष्ट्र राज्य, पुणे द्वारा जारी परिपत्रक में घोषित किया गया।
