Mumbai Rain Alert: मुंबई में बीते कई दिनों से जोरदार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से मुंबई के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां मौसम विभाग ने बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण शॉर्ट सर्किट, पेड़ गिरने और इमारत ढहने के मामले सामने आ रहे हैं। सड़कों के जलमग्न होने के कारण यातायात प्रभावित है। कई मार्गों पर भारी जाम लगा हुआ है। शहर के कई इलाकों में पानी भरा होने के कारण लोगों को ऑफिस जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा है। रोजमर्रा के कार्य करना मुश्किल हो गया है।
मुंबई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
मुंबई में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई में दो दिन 18 और 19 अगस्त को आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और जोरदार बारिश होगी। इससे लोगों की मुसीबत और बढ़ने वाली है। बता दें कि मुंबई के साथ महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बारिश ने तबाही मचाई हुई है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश के विभिन्न अलर्ट जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज महाराष्ट्र में विभिन्न अलर्ट जारी किए गए हैं। कहीं बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार बात करें तो रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, कोल्हापुर और सतारा में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पालघर, ठाणे, मुंबई, जलगांव, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, बीड़, अमरावती, चंद्रपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और नागपुर, बांद्रा, अकोला, धराशिव, सोलापुर, पुणे, नासिक, धुले आदि में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले 3-4 घंटों तक मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के सुबह 10:00 बजे के अपडेट के अनुसार, अगले तीन से चार घंटों में मुंबई में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। इसके मद्देनजर और सुबह से हो रही लगातार बारिश को देखते हुए और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) आयुक्त एवं प्रशासक, श्री भूषण गगरानी ने सोमवार, 18 अगस्त, 2025 को दोपहर 12 बजे के बाद, यानी दूसरे सत्र में संचालित होने वाले मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।
