Mumbai Crime News: मुंबई में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के चलते एक महिला ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया है। पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना खंडेश्वर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया है कि, यह घटना 17 नवंबर को हुई है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने इस घटना में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया है कि, आरोपी महिला और उसके प्रेमी ने दो लोगों की मदद से शख्स की हत्या को अंजाम दिया है। मृतक की पहचान फारूक (22) के तौर पर हुई है, जो न्यू पनवेल का रहने वाला था और मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, फारूक 17 नवंबर को न्यू पनवेल के सेक्टर 18 के सिडको गार्डन में मृत पाया गया था।
दो लोगों की मदद से दिया था घटना को अंजाम
इसके बाद 18 नवंबर को आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया। मामले पर विस्तार से जानकारी देते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 के वरिष्ठ निरीक्षक रवींद्र पाटिल ने बताया है कि, मृतक फारूक की पत्नी को उसके प्रेमी शफीकुल अहमद (22) के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शफीकुल अहमद बांग्लादेशी नागरिक है और फिलहाल पश्चिम बंगाल में रह रहा था। घटना को अंजाम देने के लिए मृतक की पत्नी और शफीकुल अहमद ने तारिकुल मंडल और किताबुल मंडल की मदद ली थी।
ऐसे हुआ आरोपियों का खुलासा
क्राइम ब्रांच ने इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है। रवींद्र पाटिल ने बताया है कि, हत्या करने के लिए मृतक की पत्नी और शफीकुल अहमद ने तारिकुल मंडल और किताबुल मंडल को पश्चिम बंगाल से बुलाया था। फारूक की हत्या की साजिश शफीकुल को गिरफ्तार करने के बाद सामने आई, जिसने दावा किया कि, फारूक को मारने की प्लानिंग उसकी पत्नी की थी। चारों आरोपियों को पनवेल अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच के आदेश दिए हैं।
