मुंबई

महाराष्ट्र में ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती; CM बोले- 3 हजार से अधिक धार्मिक जगहों से उतारे गए लाउडस्पीकर

विधानसभा में एक सवाल के जवाब में बोलते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह जानकारी दी कि, प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए धार्मिक स्थानों से 3 हजार से अधिक स्पीकर हटाए गए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कार्रवाई की रिपोर्ट हाईकोर्ट में भी दाखिल की गई है, जिसपर कोर्ट ने संतोष जताया है।

Image

विधानसभा में बोलते मुख्यमंत्री (स्क्रीनग्रैब|Maharashtra Assembly Live)

Maharashtra News: ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य भर के कुल 3,367 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए गए हैं। यह कार्रवाई सरकार की तय नीति के तहत की गई है और इसे बिना किसी धार्मिक या सांप्रदायिक तनाव के सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

मुंबई में हटे सबसे ज्यादा लाउडस्पीकर

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि अकेले मुंबई में ही 1,608 लाउडस्पीकर हटाए गए हैं। इनमें 1,150 मस्जिदों, 48 मंदिरों, 10 चर्च, 4 गुरुद्वारों और 147 अन्य स्थलों के लाउडस्पीकर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई बेहद शांतिपूर्ण तरीके से की और कहीं कोई गड़बड़ी या तनाव की स्थिति नहीं बनी।

बिना अनुमति के नहीं लगेंगे लाउडस्पीकर

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में साफ तौर पर बताया कि भविष्य में बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर लगाए जाने की जिम्मेदारी संबंधित पुलिस स्टेशन के अधिकारियों की होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस कार्रवाई की रिपोर्ट हाईकोर्ट में भी दाखिल की गई है, जिस पर कोर्ट ने संतोष जताया है।

ध्वनि प्रदूषण रोकने की दिशा में अहम पहल

यह कदम राज्य में ध्वनि प्रदूषण को कम करने और सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। महाराष्ट्र सरकार का यह फैसला ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ एक जरूरी और सख्त संदेश माना जा रहा है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article