Maharashtra: नांदेड़ में भारी बारिश का कहर; 200 से अधिक लोग बाढ़ में फंसे, राज्य में अब तक 7 की मौत

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जहां 200 से अधिक लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। बचाव कार्य के लिए सेना और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं, जबकि कई गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण सात लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया है।

Nanded Flood Rescue Operation: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भारी बारिश के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। विभिन्न गांवों में 200 से अधिक लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं, जिसके बाद जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों के लिए भारतीय सेना की मदद लेनी पड़ी है। इसके साथ ही मुखेड़ में बादल फटने की खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग (IMD) ने जिले के लिए आज सोमवार और कल मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कार्डिले ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सेना की एक 15 सदस्यीय टुकड़ी को मुखेड क्षेत्र में तैनात किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि कुछ बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है और इस संबंध में उन्होंने तेलंगाना के सिंचाई विभाग के सचिव से भी बात की है।

More than 200 people stranded due to heavy rains in Nanded (Photo: PTI)

नांदेड़ में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक लोग फंसे (फोटो: PTI)

राज्य में अब तक 7 की मौत

नांदेड़ जिले में भारी बारिश के बीच हालात गंभीर होते जा रहे हैं। जिलाधिकारी राहुल कार्डिले ने जानकारी दी कि राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) ने रविवार को मुखेड तालुका के रावणगांव और हसनाल गांवों से 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं रावणगांव, हसनाल, भासवाडी और भिंगोली गांवों में अब भी 200 से अधिक लोग फंसे हुए हैं, जिनके लिए बचाव कार्य जारी है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण सात लोगों की मौत हो गई है।

हर इलाके में टीमें तैनात

जिलाधिकारी ने बताया कि जरूरत पड़ने पर लातूर में तैनात अन्य बचाव दलों को भी बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है और हदगांव, हिमायतनगर और किनवट जैसे इलाकों में अतिरिक्त टीमें तैनात करने की आवश्यकता हो सकती है। गोदावरी बेसिन के किनारे बसे गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। रविवार को छत्रपति संभाजीनगर, जालना, नांदेड़ और परभणी जिलों के 80 से अधिक राजस्व मंडलों में 65 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसमें नांदेड़ के मार्खेल सर्कल में सबसे ज्यादा 154.75 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

End of Feed