Mumbai News: मुंबई के पास ठाणे और मुलुंड के बीच एक नया रेलवे स्टेशन बनाने का अब रास्ता साफ हो गया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने ठाणे मेंटल हॉस्पिटल की जमीन के एक हिस्से को नया रेलवे स्टेशन बनाने के लिए इस्तेमाल करने की मंजूरी देने का फैसला सुनाया है। नया रेलवे स्टेशन बनाने के लिए ठाणे के मेंटल हॉस्पिटल की जमीन का एक हिस्सा देने की बहुत पहले से बात हो रही थी। लेकिन, रेलवे स्टेशन बनाने के लिए अस्पताल की जमीन दिए जाने के फैसले पर करीबन 8 साल पूर्व रोक लगा दी गई थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बॉम्बे हाई कोर्ट के इस फैसले की तारीफ की है। बता दें कि, नया रेलवे स्टेशन बनने से ठाणे और मुलुंड स्टेशन पर यात्रियों की संख्या कम करने में काफी मदद मिलेगी। बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले के मुताबिक, अस्पताल को कुल 72 एकड़ जमीन में से 14.83 एकड़ जमीन को नया रेलवे स्टेशन बनाने के लिए देना होगा। शासन की ओर से कहा भी गया है कि, महाराष्ट्र सरकार के स्वास्थ्य विभाग की इस जमीन पर एक नया स्टेशन बनाया जाएगा।
