मुंबई

'महाराष्ट्र में बीजेपी किसी बैसाखी के आधार पर नहीं चलती अपनी ताकत पर चलती है...' बोले अमित शाह

मुंबई में चर्चगेट स्टेशन के पास महाराष्ट्र बीजेपी के नए ऑफिस बिल्डिंग का शिलान्यास करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, 'हमने यह साबित कर दिया है कि इस देश में अब परिवार-आधारित पार्टियों की राजनीति नहीं चलेगी। यह परफॉर्मेंस की राजनीति है जो देश को आगे ले जाएगी।'

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो:X @BJP4Maharashtra)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि 'बीजेपी को महाराष्ट्र में किसी सहारे की ज़रूरत नहीं है और वह अपनी ताकत पर चलती है, और पार्टी कार्यकर्ताओं से आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में विपक्ष को पूरी तरह खत्म करने को कहा। उन्होंने कहा कि 1950 से लेकर 2025 तक बीजेपी के हर छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़े नेता को मालूम है कार्यालय हमारे लिए मंदिर होता है।'

शाह ने कहा कि 'जब से जनसंघ की स्थापना हुई है, हमने हमेशा सिद्धांत के आधार कर नीतियों को गढ़ा है। महाराष्ट्र में बीजेपी किसी बैसाखी के आधार पर नहीं चलती अपनी ताकत पर चलती है।महाराष्ट्र में भी बीजेपी राज्य की मजबूत पार्टी है इसमें कोई सवाल नहीं है।'

'भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहाँ बूथ नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है'

शाह ने आगे कहा कि 'मैं हाथ जोड़कर पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूँ। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहाँ बूथ नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। मैं बूथ नेता था और आज इसी पार्टी ने मुझे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। हमारी पार्टी परिवारवाद पर आधारित नहीं है। हम अपनी पार्टी की विचारधारा में विश्वास करते हैं, केवल वही व्यक्ति पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है। हमने भाई-भतीजावाद को गलत साबित किया है, यह साबित किया है कि भाई-भतीजावाद नहीं, बल्कि प्रदर्शन ही नेतृत्व को आगे ले जाएगा।'

'मुझे ट्रिपल इंजन सरकार चाहिए...'

उन्होंने कहा कि 'राज्य में डबल इंजन सरकार है मुझे उससे खुशी नहीं है..मुझे ट्रिपल इंजन सरकार चाहिए..ग्राम पंचायत से लेकर नगरपालिका के चुनाव में हमको अपना दमखम दिखाना है।' उन्होंने कहा कि 'पहलगाम में हमारे लोगों को उनके धर्म के आधार पर मारा गया, जवाब में हमने पाकिस्तान में घुसकर उनके घरों में घुसकर उन्हें मारा। भारतीय सेना और भारतीयों को चुनौती न दें, यह संदेश दुनिया भर में गया है, भारतीयों और भारतीय सेना से खिलवाड़ न करें।'

'अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित 1950 के हमारे वादे पूरे हुए हैं'

शाह ने आगे कहा कि 'अगर हम बंदरगाहों के विकास पर नज़र डालें, तो हमें हर बार विकास देखकर आश्चर्य होता है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सहित 1950 के हमारे वादे पूरे हुए हैं। कुछ राज्यों में हम समान नागरिक संहिता ला रहे हैं, हमने NRC लागू किया। इस पार्टी को अगले स्तर पर ले जाना हमारी ज़िम्मेदारी है। मेरा मानना है कि राज्य भाजपा का यह नया कार्यालय काम करता रहेगा और महाराष्ट्र के मुद्दों, जिसमें पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की समस्याएँ भी शामिल हैं, को संबोधित करता रहेगा।'

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article