मुंबई

एक्ट्रेस सेलिना जेटली का केस पहुंचा मुंबई कोर्ट, पति पर घरेलू हिंसा समेत कई गंभीर आरोप; अगली तारीख तय

अदालत द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद अब पूरी निगाहें 27 जनवरी की सुनवाई पर हैं, जब हलफनामे और जवाब दाखिल होने के बाद अगला कदम तय होगा। परिवारिक संकट के बीच सेलिना ने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया, तलाक पर भावनात्मक पोस्ट लिखकर तोड़ी चुप्पी।

Celina Jaitly Peter Haag case

मुंबई की अंधेरी कोर्ट पहुंचा अभिनेत्री सेलिना जेटली और पति पीटर हाग का केस

मुंबई : अभिनेत्री सेलिना जेटली और उनके पति पीटर हाग के बीच घरेलू हिंसा कानून से जुड़ा मामला मुंबई की अंधेरी अदालत में सुनवाई के लिए आया। यह मामला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एस सी ताडये की अदालत में था। जब सुनवाई शुरू हुई तो पीटर हाग की ओर से उनके वकील ने पेश होकर अदालत में उपस्थिति दर्ज कराई।

मामले की अगली तारीख 27 जनवरी तय

अदालत ने दोनों पक्षों को कुछ आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए समय दिया है। अदालत के आदेश के अनुसार सेलीना जेटली और पीटर हाग दोनों को अपनी आय से जुड़ा हलफनामा जमा करना होगा। इसके साथ ही पीटर हाग को अपना विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए भी समय दिया गया है। अदालत ने कहा कि दस्तावेज दाखिल होने के बाद अगली तारीख पर दोनों पक्षों को सुना जाएगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई 27 जनवरी को होगी।

दोनों पक्षों की कानूनी टीमें हुईं पेश

पीटर हाग की ओर से अदालत में इंडस लॉ के वकीलों की टीम पेश हुई। इस टीम का नेतृत्व अधिवक्ता वरुण टंडन कर रहे हैं। उनकी तरफ से अदालत को बताया गया कि वे कानून के अनुसार जवाब दाखिल करेंगे और निर्धारित तारीख पर बहस के लिए तैयार रहेंगे।

वहीं अभिनेत्री सेलिना जेटली की ओर से करंजावाला एंड कंपनी की कानूनी टीम मौजूद रही। उनकी टीम में सीनियर एडवोकेट संदीप कपूर, प्रिंसिपल एसोसिएट निहारिका करंजावाला मिस्रा और वरिष्ठ एसोसिएट रितिम वोहरा आहूजा शामिल रहे। इसके साथ ही मुंबई के स्थानीय वकील अर्पण राजपूत और हिनाल संघवी भी मामले में उपस्थित रहे।

घरेलू हिंसा कानून के तहत मामला महत्वपूर्ण

घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत दर्ज यह मामला इसलिए भी महत्व रखता है क्योंकि इसमें दोनों पक्ष सार्वजनिक जीवन से जुड़े हैं और मामले की कार्यवाही पर काफी ध्यान दिया जा रहा है। कानूनी जानकारों के अनुसार इस कानून के तहत अदालत सबसे पहले दोनों पक्षों की आर्थिक स्थिति और शिकायत की गंभीरता को देखती है।

फ़िलहाल अदालत द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद अब पूरी निगाहें 27 जनवरी की सुनवाई पर हैं, जब हलफनामे और जवाब दाखिल होने के बाद अगला कदम तय होगा। परिवारिक संकट के बीच सेलिना ने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया, तलाक पर भावनात्मक पोस्ट लिखकर तोड़ी चुप्पी।

सेलिना जेटली इस वक्त दोहरे संकट से गुजर रही हैं। उनके बड़े भाई विक्रांत कुमार जेटली पिछले एक साल से यूएई की जेल में बंद हैं और अभिनेत्री लगातार उनकी रिहाई की कोशिश कर रही हैं। इसी दौरान उनके निजी जीवन में भी बड़ी उथल पुथल शुरू हो गई है। इस घटनाक्रम के बाद सेलिना ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा दिन देखना पड़ेगा। उन्होंने लिखा कि वे अपने जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं और वह रिश्ते जिन पर कभी उन्होंने भरोसा किया था, अब टूटते हुए नजर आ रहे हैं।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article