MP में आज का मौसम (08 Feb 2026): मध्य प्रदेश में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। बीती तीन रातों से यहां सर्दी का असर बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार करीब 15 दिनों बात एमपी में रात का पारा फिर से नीचे पहुंच गया है। शनिवार को प्रदेश में सबसे ठंडे जिले कटनी, उमरिया और शहडोल रहे। कटनी के करौंदी में न्यूनतम पारा लुढ़ककर 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आइए जानते हैं कि आज एमपी का मौसम कैसा रहेगा।
एमपी में आज कैसा मौसम रहेगा
एमपी में रविवार सुबह जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, धार और उज्जैन समेत कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। प्रदेश में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। जिसके कारण दिन में धूप भी तेज खिलेगी। लेकिन भोपाल, ग्वालियर, गुना, सीहोर, मुरैना, भिंड जैसे जिलों में दिन में भी सर्द हवाएं चलने के आसार हैं। जिससे अलसुबह और देर रात को सर्दी ज्यादा महसूस होगी। सर्द हवाओं के कारण एमपी में 13 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में 10 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
एमपी में अगले दो दिन तक तेज ठंड सताएगी
मौसम विभाग के अनुसार एमपी में अगले दो दिन ठंड तेज रहेगी। जिसके बाद दिन और रात के तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में ठंड का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, सागर और शहडोल और संभाग में देखने को मिल रहा है। 8 और 9 फरवरी को भी इन्हीं जिलों में ठंड ज्यादा महसूस होगी। प्रदेश में फिलहाल बारिश या घने कोहरे की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सर्द हवाएं चलने के आसार हैं। जिससे सुबह-शाम ठंड ज्यादा सताएगी।
