Mirzapur Accident News: मिर्जापुर में बुधवार रात को हुए भीषण हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण कई वाहनों की टक्कर होने के बाद आग लग गई थी। इस भयावह हादसे में बच्चों समेत 11 लोगों की जलकर मौत हो हई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मिर्जापुर में भीषण हादसा
ब्रेक फेल होने के कारण हादसा
यह दुर्घटना दरामंदगंज घाटी से लासोदा क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क पर हुई। मिर्जापुर जिले की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मध्य प्रदेश से आ रहा चने से लदा ट्रक बड़का मोड़ की पहाड़ी की तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। जिसने पहले एक जीप को, उसके बाद आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार आगे जा रहे गिट्टी से लदे ट्रक से टकरा गई, जिससे कार और जीप दोनों में आग लग गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि कारों में सवार लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया और सभी जिंदा जल गए।
हादसे की सूचना पर तत्काल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया गया। कौशिक ने बताया कि इस घटना में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु होने की सूचना मिली है। जिनमें प्रियंका सिंह (42), कार्तिकेय सिंह (19), पीयूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिव सिंह (चार), सोनम सिंह (नौ), विष्णु सिंह (चार), विकास शर्मा (32) और जयप्रकाश (28) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक चालक की भी मौत हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी तक मिली सूचना के मुताबिक एक ट्रक बिहार का जबकि दूसरा मध्यप्रदेश का था। एक कार सोनभद्र जिले की है जबकि दूसरी कार में मिर्जापुर में पंजीकृत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस घटना में हुई जनहानि बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
राष्ट्रपति ने जताया हादसे पर शोक
इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुर्मू ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर पोस्ट किया, "उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
(इनपुट - भाषा)
