शहर

पश्चिम बंगाल के मैनागुड़ी में बड़ा हादसा, NH-27 पर बस और लॉरी की टक्कर में 6 लोगों की मौत; 29 लोग घायल

पश्चिम बंगाल के मैनागुड़ी में एक बस और लॉरी के बीच भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत और 29 लोगों के घायल होने की खबर है।

Image

पश्चिम बंगाल के मैनागुड़ी में बस और लॉरी की टक्कर में 4 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक बस के खड़े ट्रक से टकराने के कारण दो महिला और एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 29 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी के पास हुआ। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की बस सुबह करीब 11:30 बजे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सिलीगुड़ी के पंपा साहा और उनके 18 महीने के बेटे विवेक, जमुना रॉय (मैनागुड़ी), सजल सरकार (मैनागुड़ी), शुभंकर सिल (कूचबिहार) के रूप में हुई। एक व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि घायलों में 15 पुरुष, 12 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनास्थल से एक व्यक्ति को मृत अवस्था में मैनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य पांच लोगों ने जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया।

जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि ने कहा, "प्रथम दृष्टया प्रतिकूल मौसम और फिसलन भरी सड़क दुर्घटना का कारण हो सकते हैं, लेकिन वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी जोराबाध क्षेत्र में हुई दुर्घटना से वह दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री अधिकारी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देगी तथा घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी। उन्होंने कहा, ’’इस भीषण दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article