पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार ने एक बार फिर सख्त संदेश दिया है कि राज्य में अपराध, गैंगस्टरवाद और नशा माफिया के लिए अब कोई जगह नहीं है। सीएम भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहा ऑपरेशन प्रहार-2 केवल एक पुलिस कार्रवाई नहीं, बल्कि उस राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है जिसने बीते चार वर्षों में पंजाब की कानून-व्यवस्था की दिशा बदली है।
72 घंटे के इस विशेष महाअभियान में बड़ी कार्रवाई
72 घंटे के इस विशेष महाअभियान में पंजाब पुलिस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी। डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में पूरे प्रदेश में एक साथ छापेमारी, नाकाबंदी और धरपकड़ की गई। मुख्यमंत्री खुद इस अभियान की निगरानी कर रहे थे, जबकि पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों में तैनात कर सख्त मॉनिटरिंग की गई। हाई-टेक नाके, बिना नंबर प्लेट वाहनों पर कार्रवाई और किसी भी घटना के बाद पूरे इलाके को सील करने की रणनीति ने अपराधियों की आवाजाही लगभग असंभव बना दी है।
आंकड़े बताते हैं कि प्रहार-2 पहले से भी ज्यादा व्यापक है। पिछले 20 दिनों में पूरे पंजाब में 17,603 छापेमारी, 5,290 गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी, 128 अवैध हथियारों की बरामदगी और 344 घोषित भगोड़ों को पकड़ा गया है। इसके अलावा, 2,973 लोगों पर एहतियातन कार्रवाई की गई है, जिससे अपराधी नेटवर्क को जड़ से कमजोर किया जा सके।
जनवरी में चले ऑपरेशन प्रहार-1 को मिली थी बड़ी सफलता
इससे पहले जनवरी में चले ऑपरेशन प्रहार-1 ने भी राज्य में हलचल मचा दी थी। उस 72 घंटे के अभियान में 3,256 गिरफ्तारियां, 69 अवैध हथियारों की बरामदगी और पटियाला-फाजिल्का में गैंगस्टरों के साथ एनकाउंटर हुए थे। तब 12,000 से अधिक पुलिसकर्मी और 1,200 से ज्यादा टीमें एक साथ मैदान में उतरी थीं, जिसे पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा समन्वित पुलिस ऑपरेशन माना गया।
‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान भी जारी
गैंगस्टरों के साथ-साथ नशा माफिया पर भी सरकार का शिकंजा लगातार कस रहा है। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत 1 मार्च 2025 से अब तक 48,167 नशा तस्करों की गिरफ्तारी, 2,149 किलो हेरोइन की बरामदगी और 15.91 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्ती हो चुकी है। 33,779 एफआईआर यह दर्शाती हैं कि सरकार दिखावे नहीं, जमीनी कार्रवाई पर भरोसा कर रही है।
सरकार ने नागरिकों से की अपील
मुख्यमंत्री भगवंत मान का संदेश स्पष्ट है कि पंजाब की कोई भी पीढ़ी नशे या गैंगस्टरवाद की भेंट नहीं चढ़ेगी। यही वजह है कि आज अपराधियों में डर और आम जनता में भरोसा दिख रहा है। सरकार ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना देकर इस लड़ाई में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
