मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा, गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 लोग घायल; दो मासूम बच्चियां भी चपेट में

Mumbai News: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में 'भुलेश्वर चा राजा' गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 22 फीट ऊंची प्रतिमा गिरने से मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई और दो बच्चियों सहित 5 लोग घायल हो गए।

Mumbai News: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार की रात मुंबई से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में 'भुलेश्वर चा राजा' की 22 फीट ऊंची विशाल गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस (आगमन सोहला) के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा को पंडाल की ओर ले जाते समय अचानक वह असंतुलित होकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से गणेश मंडल के अध्यक्ष सहित दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 5 और 7 साल की दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Mumbai Ganesh Idol Accident

गणेश प्रतिमा लाते समय हादसा

देर रात 10 बजे हुआ हादसा

न्यूज एजेंसी ANI और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात करीब 10:00 बजे भुलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड पर स्थित कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में घटी। 'भुलेश्वर चा राजा' की भव्य प्रतिमा को भायखला/लालबाग की ओर से भुलेश्वर लाया जा रहा था। जब जुलूस पंडाल से महज 50-60 मीटर की दूरी पर था, तभी लोहे के ट्रॉली फ्रेम का वेल्डिंग अचानक टूटने या असंतुलित होने के कारण 22 फीट ऊंची प्रतिमा सड़क पर गिर गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

End of Feed