Jalna News: जालना में अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद; 22 तलवारें और 15 खंजर जब्त, शातिर बदमाश गिरफ्तार

Jalna News: जालना के सुंदरनगर में चंदनझिरा पुलिस ने छापेमारी कर 22 तलवारें, 15 खंजर और 4 चॉपर समेत 41 घातक हथियार जब्त किए हैं। 1.34 लाख रुपये के हथियारों संग एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है।

Jalna News: महाराष्ट्र के जालना शहर में गंभीर अपराधों और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंदनझिरा पुलिस ने सोमवार शाम एक बड़ी सफलता हासिल की है। सुंदरनगर इलाके में एक मकान पर औचक छापेमारी करते हुए पुलिस ने अवैध रूप से बेचने और दहशत फैलाने के इरादे से छिपाकर रखे गए 41 खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। बरामद हथियारों की कुल बाजार कीमत लगभग 1,34,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा।

Jalna news Police Illegal Weapons Seized

41 हथियारों संग पकड़ा गया हिस्ट्रीशीटर

भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद

पुलिस की इस त्वरित और गुप्त कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए हथियारों में 22 धारदार तलवारें, 15 खंजर और 4 चॉपर हैं। जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1,34,000 रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शेख माजेद शेख लतीफ (उम्र 23 वर्ष), निवासी सुंदरनगर, जालना को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी शेख माजेद पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज शातिर अपराधी है। उसकी संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद चंदनझिरा पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सुंदरनगर स्थित उसके घर पर दबिश दी। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी इमरान उर्फ इम्मा सलीम शेख (निवासी इंदिरा नगर, जालना) फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

End of Feed