शहर

यवतमाल में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या, गो-तस्करी ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

महाराष्ट्र के यवतमाल में कथित गो-तस्करों ने बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है और भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।

Image

यवतमाल में गो-तस्करी विवाद में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में गोवंश तस्करी को लेकर बड़ी घटना सामने आई है। जहां कथित गो-तस्करों ने बजरंग दल के एक कार्यकर्ता गजानन सुरोशे की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इस घटना के बाद महागांव और उमरखेड़ इलाके में तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना महागांव तहसील में बिजोरा टोल नाके के पास रविवार को घटित हुई। देर रात यहां बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता मौजूद थे। तभी उन्हें एक संदिग्ध पिकअप वाहन तेज रफ्तार में वहां से गुजरता नजर आया। जिसे देख कार्यकर्ताओं को संदेह हुआ कि इसमें 8 से 10 गोवंश भरे हुए हैं। जिसके बाद उन्होंने बाइक से उस वाहन का पीछा शुरू किया। इसी दौरान पिकअप चालक ने कार्यकर्ताओं की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। इसी बीच कार्यकर्ता गजानन सुरोशे अपनी कार से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने जब अपने साथियों को घायल देखा तो पिकअप वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

बजरंग दल कार्यकर्ता पर डंडों और पत्थरों से हमला

बताया जा रहा है कि भागने हुए आरोपी हाईवे छोड़कर सुकळी गांव की तरफ मुड़ गए। जिसे देख गजानन सुरोशे भी अपनी कार से उनके पीछे पहुंचे। आरोप है कि गो-तस्करों ने वहां उनकी कार को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने लकड़ी के डंडों और दांडकों से उन पर जानलेवा हमला किया। जिससे सुरोशे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। लिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। जिसके बाद एहतियात के तौर पर सुकळी गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने उमरखेड़ पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article