Queens on the Wheels Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री निवास से ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ के तीसरे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत प्रदेश के समृद्ध और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को देश-विदेश में प्रदर्शित करने के उद्देश्य से 25 महिला सुपर बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर यात्रा प्रारंभ कराई जाएगी। पिछले दो संस्करणों की सफलता के बाद, यह 7 दिवसीय आयोजन महिला सशक्तिकरण, स्वतंत्रता और सांस्कृतिक विरासत को प्रमोट करता हुआ भोपाल से खजुराहो तक लगभग 1,400 किलोमीटर की लंबी बाइक यात्रा पूरी करेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव (फाइल फोटो)
25 महिला सुपरबाइकर्स करेंगी यात्रा
मध्य प्रदेश पर्यटन सचिव एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयराजा टी ने बताया कि एमपी टूरिज्म बोर्ड की पहल ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ केवल एक बाइक राइड नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण, साहस और मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि देशभर से आई 25 महिला सुपरबाइकर्स इस अनूठी यात्रा के दौरान भोपाल से खजुराहो तक प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों को करीब से देख सकेंगी और उन्हें देश-विदेश तक प्रचारित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड का लक्ष्य ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य को सुरक्षित, रोमांचक और विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है।
13 मार्च को भोपाल में होगा समापन
भोपाल से शुरू होने वाली यह 7 दिवसीय यात्रा 13 मार्च को वापस भोपाल लौटते हुए सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो जैसे ऐतिहासिक स्थलों से गुजरेगी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की इस पहल से राज्य की सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहर को उजागर करने के साथ-साथ मध्य प्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में भी पेश किया जाएगा। यह अभियान कम-ज्ञात पर्यटन स्थलों को प्रमोट करने, रूरल टूरिज्म सर्किट्स को सशक्त बनाने और पूरे राज्य में जिम्मेदार यात्रा (रिस्पॉन्सिबल ट्रैवल) को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।
