लखनऊ

UP Roadways: यात्रियों को लगेगा महंगाई का करंट, बढ़ेगा रोडवेज बस का किराया 25 पैसे प्रति किलोमीटर, घाटे में है विभाग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 22, 2023, 04:18 PM IST

UP Roadways Bus Fare: यूपी रोडवेज प्रशासन यात्रियों को झटका देने की तैयारी में है। अब बस में सफर करना और महंगा होगा। परिवहन निगम ने आर्थिक स्थिति में सुधार करने के लिए शासन को पत्र भेजा है। इसमें 25 पैसा प्रति किलोमीटर प्रति यात्री किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। अगर ऐसा हुआ तो हर सौ किलोमीटर की यात्रा पर किराया 25 रुपये बढ़ जाएगा।

Image

25 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ाने की तैयारी में यूपी रोडवेज

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • यूपी रोडवेज 25 पैसे प्रति किमी किराया बढ़ाने की तैयारी में
  • यूपी के प्रमुख शहरों के बीच बढ़ेगा रोडवेज बसों का किराया
  • परिवहन निगम ने आर्थिक स्थिति खराब होने का दिया हवाला


UP Roadways Bus Fare: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की आर्थिक स्थिति खराब चल रही है। आलम यह है कि रोडवेज अपने फिक्स डिपाजिट तुड़वाकर कर्मचारियों को वेतन दे रही है। आर्थिक स्थिति में सुधार करने के लिए वित्त नियंत्रक ने शासन को पत्र भेजा है। पत्र में 25 पैसा प्रति किलोमीटर प्रति यात्री किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। ऐसे में सौ किमी के सफर के लिए किराये में 25 रुपये बढ़ जाएंगे। पत्र में यह भी जिक्र किया गया है कि किराया तत्काल प्रभाव से नहीं बढ़ाया गया तो राजकोषीय घाटा और बढ़ जाएगा। परिवहन निगम की आर्थिक स्थिति आए दिन खराब होती जा रही है। साल 2022 में अप्रैल से दिसंबर तक रोडवेज का नुकसान 210 करोड़ रुपये था, जिसके मार्च तक बढ़कर 250 करोड़ रुपये पहुंचने की संभावना है।

यात्रियों को 100 किलोमीटर तक सफर के लिए करीब 25 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। मौजूदा समय में साधारण बस का किराया एक रुपये पांच पैसा प्रति किलोमीटर प्रति यात्री है। जो बढ़कर 1.30 रुपये हो जाएगा। पत्र की मंजूरी पर बोर्ड में प्रस्ताव पास कराकर बढ़ा हुआ किराया लागू किया जाएगा।

यात्रियों पर लगातार बढ़ रहा बोझ

बीते 10 वर्ष में बस यात्रियों पर किराये का बोझ साल दर साल बढ़ता जा रहा है। इसमें वर्ष 2012 में चार पैसा प्रति किलोमीटर प्रति यात्री किराया बढ़ाया गया था। इसी तरह 2013 में भी चार पैसा, 2017 में नौ पैसा और 2020 में दस पैसा किराया बढ़ाया गया था। अब 2023 में 25 पैसा किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया है। रोडवेज में किराया बढ़ने के बाद भी बसों की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। खस्ताहाल बसें आए दिन रास्ते में खड़ी हो जाती हैं। इनमें आग लगने की घटनाएं भी होती रहती हैं।

साल 2020 के बाद से किराया नहीं बढ़ाया गया-एमडी

वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के एमडी संजय कुमार के अनुसार, यात्रियों को बेहतर सेवा देने के मकसद से किराया बढ़ाने पर मंथन किया जा रहा है। वैसे भी साल 2020 के बाद से किराया नहीं बढ़ाया गया है, जबकि यह हर वर्ष बढ़ाने की व्यवस्था है। शासन स्तर पर इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। संजय कुमार ने डीजल की कीमतें बढ़ने और स्पेयर पार्ट्स महंगे होने की दलील भी दी है। रोडवेज का नुकसान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस साल मार्च तक यह नुकसान 250 करोड़ रुपये हो जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article