Unnao News: उन्नाव के अजगैन में रविवार की रात बारिश के साथ आसमानी आफत भी गिरी। यहां बिजली गिरने के कारण बाड़े में बंधी 130 भेड़ों की मौत हो गई, जिस कारण पशुपालकों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि जिले में भारी बारिश के कारण किसानों की धान की फसल भी बर्बाद हो गई।
जानकारी के मुताबिक अजगैन थाना क्षेत्र के मुरैरा के रहने वाले राजकुमार पाल भेड़ पालने का काम करते हैं। रविवार रात उनके बाड़े में 200 भेड़ें थीं। हालांकि, यहां हुई तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली भी गिरी, जिससे उनके बाड़े में 130 भेड़ों की एक साथ मौत हो गई। भेड़ों की मौत के बाद राजकुमार का परिवार काफी परेशानी का सामना कर रहा है।
दर्जनों गावों में बिजली आपूर्ति भी हुई बाधित
दरअसल, शनिवार और रविवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले में भारी बारिश हुई, जिस कारण कई जिलों में जलभराव की भी समस्या सामने आई। मौसम विभाग ने रविवार को तेज बारिश के साथ कई जिलों में बिजली गिरने का भी अनुमान जताया था। रविवार को उन्नाव के अजगैन में बिजली गिरने के कारण पशुपालकों का काफी नुकसान हुआ, वहीं धान की फसल भी खराब हो गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है, वहीं कुछ जगह पेड़ गिरने की भी जानकारी सामने आई है।
