Shahjahanpur Encounter: यूपी के शाहजहांपुर से एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। हालांकि पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कांट पर की गई कई लूट और छिनैती की घटनाएं कबूल की हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से कांट जलालाबाद रोड पर छिनैती और लूट की घटनाएं पुलिस के लिए सिर दर्द बनी थी। हालांकि घटनाएं होने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में नाकामयाब रहती थी।
दरअसल, जलालाबाद थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीती रात पुरैना बॉर्डर के पास बाइक सवार दो युवकों की घेराबंदी की। लेकिन पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पुलिस पर फारिंग कर दी। हालांकि पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस और छीने गए आभूषण भी बरामद किए हैं।
महिला से छीना पर्स मिले 3 सौ रुपए
बताया जा रहा है कि एक आरोपी, जिसका नाम विवेक है कांट थाना का निवासी है। वहीं, दूसरा विपल जलालाबाद थाना क्षेत्र के पुरैना गांव का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि बाइक से दोनों लोग जमुनिया से बरेली मोड़ तक चक्कर लगाते रहते हैं। इस दौरान रास्ते में चलने वाली महिलाओं से पीछे बैठा आदमी छिनैती कर लेता है। आरोपी ने यह भी कबूला है कि एक महीने पहले कांट रोड पर एक महिला से उसने पर्स छीना था, तो उसमें से उसे तीन सौ रुपए मिले थे।
एसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पुछताछ की जा रही है। आरोपियों ने लूट और छिनैती जैसी वारदात को कबूल किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
