Muzaffarnagar Accident: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के छाजपुर-राजपुर रोड पर मंगलवार सुबह एक स्कूल बस की लोडर से टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूल बस में सवार 10 छात्राएं घायल हो गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल छात्राओं में 3 की हालत नाजुक बनी हुई है।
स्कूल बस की लोडर से टक्कर
पुलिस क्षेत्राधिकारी संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कंधाला में एक स्कूल की बस सुबह घने कोहरे के कारण लोडर से टकरा गई। इस बस में स्कूल की छात्राएं सवार थीं। उन्होंने बताया कि घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बुढ़ाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि घायल 10 छात्राओं को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया था।
अधिकारी ने आगे बताया कि बाद में स्थिति को देखते हुए उनमें से छह को जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इसमें तीन छात्राओं की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने छात्राओं की पहचान नौवीं कक्षा की खुशी, तनु और शौकीन के रूप में की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोडर को जब्त कर लिया है और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना की जांच जारी है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
