Kannauj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में सोमवार यानी आज एक स्कूल वैन और डंपर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस टक्कर में स्कूल वैन में सवार 13 बच्चे और वैन चालक घायल हो गया। इस हादसे से सड़क पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया और मामले की जांच शुरू की।
कन्नौज में सड़क हादसा (फोटो - टाइम्स नाउ नवभाारत)
वैन और डंपर के बीच जोरदार टक्कर
पुलिस ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना छिबरामऊ के इब्राहीमपुर पुलिया के पास की है। वैन और डंपर के बीच हुई टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन पलट गई और वाहन से धुआं निकलने लगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आसपास के लोगों ने और कांवड़ियों ने बच्चों और चालक को वैन से बाहर निकाला और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे एक स्कूल वैन और डंपर के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 13 बच्चे और वैन चालक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को छिबरामऊ के एक अस्पताल में और दो बच्चों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि 7 बच्चों स्थिति को देखते हुए बाद में उन्हें भी तिर्वा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। कुमार ने बताया कि सभी बच्चों की हालत ठीक है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है, लेकिन उसका चालक भाग निकला। अधिकारी ने बताया कि डंपर चालक की तलाश जारी है।
(इनपुट - भाषा)
