लखनऊ

कुशीनगर में नाबालिग की हत्या, झंडारोहण के लिए गई छात्रा को धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट

Kushinagar News: यूपी के कुशीनगर में स्वतंत्रता दिवस के लिए गई नाबालिग छात्रा को किसी ने धारदार हथियार से मौत के घाट उतारा। लड़की का शव मिलने पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Image

झंडारोहण के लिए गई छात्रा को धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक नाबालिग बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। यहां रामकोला थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने गई हाईस्कूल की एक नाबालिग छात्रा की धारदार हथियार से कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।

झंडारोहण के लिए गई छात्रा की मौत

पुलिस के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र कठबरना गांव के निवासी सरवन की नाबालिग बेटी एक हाई स्कूल में पढ़ती थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि झंडारोहण में शामिल होने के लिए सुबह करीब 7.30 बजे घर से निकली और शाम तक वापस नहीं लौटी तो देर रात तक परिजन उसकी तलाश करते रहे। उन्होंने बताया कि पिता ने शनिवार को कॉलेज पहुंचकर बेटी के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन आने वालों की हाजिरी नहीं लगती है और यह बताना मुश्किल होगा कि वह कॉलेज आई थी या नहीं।

धारदार हथियार से नाबालिग को उतारा मौत के घाट

इस बीच शनिवार को दिन में करीब चार बजे लोगों ने एक लाश मोरवन गांव के बाहर पुलिया के नीचे देखकर पुलिस को सूचना दी। उसके गर्दन और शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से चोट के निशान थे। पुलिस ने मौके पर किशोरी की लाश की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चला तो उसे शवगृह भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राज प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोप के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article