Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार को एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि यहां रोडवेज बस और एक कार की टक्कर हो गई थी, जिसमें दो नेपाली नागरिकों की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम से लिए भेजा दिया है।
बस और कार की टक्कर में दो की मौत
पुलिस के मुताबिक, पचपेड़वा थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में मारे गये लोग कार से नेपाल जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि नेपाल के कपिलवस्तु के रहने वाले दिनेश बलबासे अपनी पत्नी एवं अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर पंजाब से अपने घर नेपाल जा रहे थे। तभी पचपेड़वा थाना क्षेत्र के रामनगर के निकट रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में दो नेपाली नागरिकों की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतकों की पहचान दिनेश बलबासे (37 वर्ष) और अनिल सपकोरा (27) के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि उनके साथ कार में सवार शारदा बेलबासे, टेक बहादुर व उनकी पत्नी धनकला घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
